बैठक में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, पंचायत सरकार भवन, महादलित सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र भवन, कब्रिस्तान घेराबंदी तथा सांख्यिकी विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
गोपालगंज। जिलाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पदाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, पंचायत सरकार भवन, महादलित सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र भवन, कब्रिस्तान घेराबंदी तथा सांख्यिकी विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ सांख्यिकी विभाग की गतिविधियों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जिलाधिकारी समीर सौरभ ने योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जिन परियोजनाओं में भूमि विवाद, अनापत्ति प्रमाण-पत्र या अन्य प्रशासनिक बाधाओं के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे।
