मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण जिला के विकास को नई गति देते हुए 285 करोड़ रुपये की लागत से 145 विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

सम्राट चौधरी ने कहा- ‘मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क का निर्माण किया जाएगा। बंद चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।’

मोतिहारी/चंपारण। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार 1 सितंबर को मोतिहारी स्थित गांधी मैदान में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव 2026 का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। बापूधाम महोत्सव 3 सितंबर तक चलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण जिला के विकास को नई गति देते हुए करीब 285 करोड़ रुपये की लागत से 145 विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पूर्व गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग समेत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पहुंच कर मुख्यमंत्री ने आमजनों एवं आवेदकों की समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अभियान बसेरा के अंतर्गत सुयोग्य श्रेणी के लाभुकों को सरकारी भूमि का बासगीत पर्चा प्रदान किया। वहीं, मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से आर्थिक सहयोग के लिए 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को प्रदान की गई।

बापूधाम महोत्सव को लेकर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बापूधाम महोत्सव के इस कार्यक्रम में आप सभी का स्वागत करता हूं। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चंपारण से जुड़े योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी ने चंपारण के किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। बापूधाम महोत्सव चंपारण की इसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय, जिसे पूर्व में पीपराकोठी में बनाने का निर्णय लिया गया था, अब आम जनता की मांग पर बरियारपुर में बनाया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में, जहां वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहा है, इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। मत्स्य समृद्धि क्लस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने कहा कि मोतिहारी में अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क का निर्माण किया जाएगा। मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से भी बड़ा मदर डेयरी स्थापित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक पथ एवं नाला निर्माण (मरीन ड्राइव) कराया जाएगा। पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर पथ का 17 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। शीतलपुर से रमडीहा भाया नवस्थापित/निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। अरेराज मंदिर तक जानेवाली सभी प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, मोतिहारी से फायरिंग रेंज के पीछे होते हुए धनौती नदी के लेफ्ट बैंक पर मजुराहों में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय आरसीसी पुल के पहुंच पथ तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट बनने जा रहा है। रक्सौल में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो गया है। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जायेगा। पूर्वी चंपारण जिले में विकास के कई काम कराए जा रहे हैं। चिरैया में एथलेटिक्स का ट्रैक बनाया जा रहा है। लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से मोतिहारी में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, मत्स्य पालन, उद्योग, कला-संस्कृति तथा आधारभूत संरचना को व्यापक गति मिलेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद राधा मोहन सिंह, पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता, सांसद संजय जायसवाल, विधायक कृष्ण नंदन पासवान, विधायक प्रमोद कुमार, विधायक राणा रणधीर, विधायक राजू तिवारी, विधायक सचिन्द्र सिंह, विधायक श्यामबाबू यादव, विधायक लाल बाबू प्रसाद गुप्ता, विधायक फैसल रहमान, विधायक बब्लू गुप्ता, विधायक विशाल कुमार, विधान पार्षद आफाक अहमद, विधान पार्षद खालिद अनवर, विधान पार्षद प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन कुमार, जन प्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात समेत अन्य वरीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।