पटना। बांकीपुर उपचुनाव से पहले राजद के मुख्य प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफ के बाद शुक्रवार को राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने मृत्युंजय तिवारी से मुलाकात की। कहा जाता है कि सिद्दीकी ने मृत्युंजय तिवारी को लालू यादव से मिलने के लिए कहा है। तब मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि राजद में कोई सम्मान नहीं है, इसलिए वहां नहीं रहना है, पार्टी दिशाहीन हो गई है, कोई सुनवाई नहीं है। कुछ लोग इतना पावर लेकर बैठ गए हैं कि टिकट चाहिए, पद चाहिए। मैंने कभी पार्टी से कोई भी मांग नहीं की। पार्टी के सबसे बुरे समय में लालू जी ने मुझे जिम्मेदारी सौंपी थी। 25 सीट पर पार्टी को ले आए, इसके लिए कौन जिम्मेदार है। ऐसे लोग पार्टी के लिए दीमक बन गए हैं। सिद्दिकी साहब से बात हुई है, जो भी होगा देखा जाएगा।
गुरुवार को मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा था कि अब पार्टी में और अधिक अपमान नहीं सह सकता। मैंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को सौंप दिया है। और कहा कि ‘जिस पार्टी के लिए सालों तक पूरी निष्ठा से काम किया, उसी पार्टी में आज सम्मान नहीं मिल रहा है।’ मृत्युंजय तिवारी ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने उनकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण उन्हें यह फैसला लेना पड़ा।
