पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी को ‘स्कूल का बस्ता’ चुनाव चिह्न आवंटित होने के संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को जन सुराज पार्टी कार्यालय, में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जन सुराज पार्टी के सूत्रधार एवं बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर को ‘स्कूल का बस्ता’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। जो मतपत्र पर क्रम संख्या 9 पर है। मनोज भारती ने आगे कहा कि पिछले कुछ दिनों में विपक्षी दलों द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दो दिनों में पटना के कई चैराहों पर प्रशांत किशोर का असत्य एवं भ्रामक पोस्टर लगाए गए हैं, जो चुनाव आयोग की आचार संहिता का उल्लंघन है। इस मुद्दे को लेकर जन सुराज पार्टी का एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में भ्रामक पोस्टरबाजी का मुद्दा उठाने के अलावा तीन अन्य प्रमुख बिंदुओं को भी शामिल किया गया है। दूसरा मुद्दा यह है कि जन सुराज पार्टी के जितने भी पोस्टर और बैनर लोगों की सहमति से उनके घरों पर लगाए गए हैं। उनको भाजपा के कार्यकर्ता जबरदस्ती उखाड़ रहे हैं। उसके बदले भाजपा अपने झंडे, पोस्टर और बैनर लगवा रहे हैं। जब उनसे कोई प्रश्न पूछता है तो वो कहते हैं कि वे नगर निगम के कर्मचारी हैं। लेकिन, जब उनसे आई कार्ड मांगा जाता है तो वे भाग खड़े होते हैं और वो जो पोस्टर और बैनर लगाते हैं वो बिना किसी के अनुमति के लगा रहे हैं। हमने चुनाव आयोग का ध्यान इस पर भी आकृष्ट करने का निवेदन किया है।

तीसरा बिंदु यह है कि जो हमने 2025 के विधानसभा चुनाव में देखा कि सरकारी तंत्र ने जीविका दीदीयों का इस्तेमाल वोटिंग के दिन बूथ के बाहर और कुछ जगहों पर बूथ के अंदर उनका इस्तेमाल किया। इस बार ऐसा न हो, इसके लिए हमने चुनाव आयोग से ज्ञापन देकर निवेदन किया है। चैथी बात यह है कि चुनाव को सुचारु रूप से चलाने के लिए अर्ध सैनिक बलों का इस्तेमाल किया जाता है और उनका कार्य क्षेत्र बूथ के बाहर होता है। पिछली बार हम लोगों ने बहुत सारी जगहों पर देखा कि अर्ध सैनिक बलों को अंदर प्रवेश करवाकर उनसे कुछ काम करवाये जाते रहे हैं। मौके पर जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ और अक्षत सोनक मौजूद रहे।