उमेश कुशवाहा ने कहा कि जिस प्रकार बिहार चुनाव 2025 में बिहार की जनता ने एनडीए को 202 सीटों का प्रचंड जनादेश दिया था, उसी प्रकार बांकीपुर उप चुनाव में भी जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देने जा रही है।
पटना। बांकीपुर में शनिवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि एनडीए की विकास, सुशासन एवं जनसेवा की नीति पर बांकीपुर की जनता का अटूट विश्वास है। समाज के सभी वर्गों का अभूतपूर्व जन समर्थन एनडीए को प्राप्त हो रहा है। पूरे बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र में जनता का एनडीए के पक्ष में दिखाई दे रहा एकतरफा रुझान और कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ संकेत दे रहा है कि इस बार एनडीए यहां अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं नीतीश कुमार की विकासपरक जोड़ी पर भरोसा जताते हुए एनडीए को 202 सीटों का प्रचंड जनादेश दिया था, उसी प्रकार बांकीपुर उप चुनाव में भी जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देने जा रही है। बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र कृष्ण वल्लभ सहाय, महामाया प्रसाद सिन्हा, ठाकुर प्रसाद एवं नवीन कुमार सिन्हा जैसे दिग्गज नेताओं की कर्मभूमि रही है। इस गौरवशाली विधान सभा का प्रतिनिधित्व किसी भी सूरत में अनुचित व्यक्ति के हाथों में नहीं जाना चाहिए। वर्तमान में इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं। ऐसे में विपक्ष कितना भी जोर लगा ले, बांकीपुर में उसका गलत मंसूबा कभी सफल नहीं होगा।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2005 से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने घर-घर विकास की किरणें पहुंचाई हैं तथा न्याय के साथ विकास और सुशासन का अनुकरणीय माॅडल स्थापित किया है। राज्य की जनता ने विकास के इस माॅडल को निकट से देखा और उसका लाभ प्राप्त किया है। इसलिए विपक्ष के दुष्प्रचार का बांकीपुर के मतदाताओं पर कोई असर होने वाला नहीं है। एनडीए का एक-एक कार्यकर्ता कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर प्रत्येक बूथ पर पूरी मजबूती के साथ जुटा हुआ है। विपक्ष दूर-दूर तक चुनौती देने की स्थिति में नहीं है।
इस मौके पर एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षगण, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधायक सह बांकीपुर विधान सभा प्रभारी अरुण मांझी, विधायक सह बांकीपुर विधान सभा सह-प्रभारी वशिष्ठ सिंह, प्रदेश महासचिव सह विधान सभा सह-प्रभारी कमल नोपानी, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा, प्रदेश प्रवक्ता अनुप्रिया यादव समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
