पटना। पटना के बंटी यादव अपहरण-हत्या मामले का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बीसिया गुरुवार को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। एलएनटी घाट से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर सुबह करीब 3 बजे ये मुठभेड़ हुई। आरोपी बीसिया ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, गोली पुलिस की कार की बोनट पर लगी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें गोली बीसिया के दाहिने पैर में लगी। बीसिया को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया गया है। मुठभेड़ के दौरान कुल 2 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें 1 राउंड पुलिस ने की, जबकि 1 एक राउंड आरोपी बीसिया ने की। मौके से 1 खोखा, 1 कारतूस, 1 देसी कट्टा और 1 मोबाइल फोन मिला है। पुलिस मुठभेड़ के बाद पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि रवीश उर्फ बीसिया नेपाल भागने की तैयारी में था। उन्होंने कहा कि बीसिया और बंटी यादव के बीच वर्चस्व की लड़ाई थी।
ध्यान रहे कि बंटी यादव की अपहरण और हत्या मामले में पटना पुलिस रवीश उर्फ बीसिया को खोज रही थी। सूचना मिली थी कि बीसिया एलएनटी घाट से होते हुए पटना लौट रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जैसे ही उस इलाके में पहुंची, तभी आरोपी बीसिया ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान 1 गोली कोतवाली थाना की सरकारी गाड़ी की बोनट पर लगी। हालांकि गाड़ी में मौजूद थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी बीसिया के पैर में गोली लगी।
