पटना। बांकीपुर उप चुनाव के लिए भाजपा ने मंगलवार को 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। भाजपा द्वारा

स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी करने पर सियासत भी शुरू हो गई है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि

लालू यादव और तेजस्वी यादव के डर से भाजपा में बैचेनी है। उन्होंने कहा कि इस बार बांकीपुर के उप चुनाव में

भाजपा इतना हताश हो गई है कि पहले उम्मीदवार बदल दिया और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर कई केंद्रीय मंत्री

के साथ जंबो स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। यह सिर्फ और सिर्फ राजद के उम्मीदवार के डर से ही किया जा

रहा है, क्योंकि जनता अब इनके साथ नहीं है। एजाज अहमद ने कहा कि हमारी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को बांकीपुर में

अपार जन समर्थन मिल रहा है, जिसे देख भाजपा के लोग पूरी तरह से बौखला कर कुछ से कुछ निर्णय ले रहे हैं,

लेकिन जनता इनके जंबो स्टार प्रचारकों की बात इस बार नहीं सुनेगी। जनता लालू-तेजस्वी के विचारधारा के साथ

है।

गौरतलब है कि भाजपा ने मंगलवार को बांकीपुर उप चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों

की सूची जारी की, जिसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी,

विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह, डॉ. संजय जायसवाल, रविशंकर प्रसाद,

सतीश चंद्र दुबे, राज भूषण चौधरी, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, अश्विनी कुमार चौबे और विजय कुमार

सिन्हा समेत अन्य दिग्गज नेता शामिल हैं, जो बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र में प्रचार प्रसार कर पार्टी उम्मीदवार

नीरज सिन्हा की जीत के लिए जनता से मुलाकात कर उनसे भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।