गोपालगंज। गोपालगंज शहर में साफ-सफाई और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नगर परिषद ने सख्त

रुख अपनाते हुए खुले में मांस-मछली बेचने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। बुधवार को गोपालगंज नगर परिषद

की टीम ने जेसीबी मशीन के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण को हटाया। इस

दौरान जादोपुर चौक, बंजारी मोड़, जादोपुर रोड और हजियापुर सहित कई स्थानों से खुले में लगाए गए मांस-मछली

के दुकानों को हटाया गया। अभियान के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मियों की मौजूदगी में

अतिक्रमणकारियों को पहले हटने की चेतावनी दी गई, इसके बाद जेसीबी से अस्थायी ढांचे और अवैध स्टॉल को

ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना

सामान समेट लिया।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई से पहले संबंधित दुकानदारों को

कई बार नोटिस और चेतावनी दी जा चुकी थी। बावजूद इसके नियमों की अनदेखी कर खुले में मांस-मछली की

बिक्री जारी थी, जिससे गंदगी फैल रही थी और लोगों को असुविधा हो रही थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब बिना

वैध लाइसेंस के इस तरह का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अजय कुमार ने आगे कहा कि जो भी दुकानदार मांस-मछली का व्यवसाय करना चाहते हैं, उन्हें नगर परिषद से

विधिवत लाइसेंस लेना होगा और निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगानी होगी। नियमों का पालन नहीं करने वालों

के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।इस अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के इस कदम

की सराहना की और शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए इसे जरूरी बताया।