गोपालगंज। गोपालगंज जिला के विजयीपुर प्रखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल के तहत बुधवार

को राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मथौली का विधिवत उद्घाटन किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 नये डिग्री कॉलेजों में एक साथ पठन-पाठन कार्यों का शुभारंभ

किया, जिसमें भोरे विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राज जगदीशपुर, ग्राम मथौली स्थित इस महाविद्यालय

को भी शामिल किया गया। स्थानीय स्तर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य

विभाग के मंत्री सुनील कुमार, जिला पदाधिकारी समीर सौरभ सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी,

शिक्षाविद, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने इस पहल को क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि अब विजयीपुर एवं

आसपास के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता

नहीं पड़ेगी।मंत्री सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और

विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की

प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे हर वर्ग के छात्रों को समान अवसर मिल सके। उन्होंने विद्यार्थियों से इस

अवसर का पूरा लाभ उठाने और अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।

जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि यह महाविद्यालय क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका

निभाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन महाविद्यालय के सुचारु संचालन और आवश्यक संसाधनों की

उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहयोग करेगा। महाविद्यालय में पठन-पाठन शुरू होने से क्षेत्र के

युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे और विजयीपुर प्रखंड में विकास की एक नई शुरुआत होगी।