मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमनाथ धाम के दर्शन की अभिलाषा लिए बिहार से 1100 श्रद्धालुओं के जत्था को हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को किया रवाना।

पटना। भगवान शिव के 12 ज्योर्तिलिंगों में सबसे प्रमुख माने जाने वाले सोमनाथ धाम के दर्शन की अभिलाषा लिए बिहार से 1100 श्रद्धालुओं का जत्था विशेष ट्रेन से रवाना हो गया है। इस 7 दिवसीय तीर्थयात्रा के आने-जाने से लेकर श्रद्धालुओं के वहां ठहरने और भोजन तक का पूरा इंतजाम बिहार और गुजरात की सरकार के स्तर से किया गया है। राज्य के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से आयोजित इस निशुल्क तीर्थयात्रा को पाटलिपुत्र जंक्शन से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सात दिनों तक चलने वाली इस यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं को दर्शन से लेकर आवास, भोजन, स्थानीय परिवहन, चिकित्सा और सुरक्षा तक की पूरी जवाबदेही सरकार की ओर से मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। इसे लेकर कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में यात्रा मद में करीब 2.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी।

यह सात दिवसीय तीर्थयात्रा 20 जुलाई से 26 जुलाई तक चलेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु गुजरात स्थित विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के साथ-साथ आसपास के प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। पूरी यात्रा भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के सहयोग से सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। तय यात्रा कार्यक्रम के अनुसार यह विशेष ट्रेन लगभग 44 घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद 22 जुलाई की सुबह 11 बजे गुजरात के वेरावल स्टेशन पहुंचेगी। दर्शन एवं भ्रमण पूरा होने के बाद श्रद्धालु 24 जुलाई को इसी विशेष ट्रेन से पटना के लिए वेरावल से प्रस्थान करेंगे। यह विशेष ट्रेन 26 जुलाई को पटना पहुंचेगी। इसके साथ ही सात दिवसीय यह यात्रा संपन्न हो जाएगी। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए एक मेडिकल टीम भी रवाना की गई है। इस टीम में डॉक्टर के साथ ही महिला एवं पुरुष पारा मेडिकल कर्मी भी शामिल हैं। ट्रेन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 5 पुलिसकर्मियों को भेजा गया है।