पटना। भाकपा की एक राज्य स्तरीय जांच टीम हत्या के शिकार मृतक बंटी यादव के न्यू करबिगहिया, पटना स्थित घर पर पहुंची और बंटी यादव के परिजनों से मुलाकात कर इस जघन्य हत्या कांड की जांच पड़ताल की। मृतक बंटी यादव की विधवा मां किरण देवी ने रोते-बिलखते कहा कि हम पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं, हमें न्याय चाहिए। मेरे पति के गुजर जाने के बाद मेरा बेटा बंटी यादव ही परिवार का सहारा था, जिसे अपराधियों ने नृशंस तरीके से पीट-पीटकर लोहे और पत्थर से कुचलकर मार डाला।

सीपीआई की जांच टीम में शामिल पार्टी के राज्य सचिवमंडल सदस्य प्रमोद प्रभाकर, अजय कुमार सिंह, सुरेन्द्र सौरभ तथा पटना जिला पार्टी के सचिव विश्वजीत कुमार ने बंटी यादव के परिजनों से मिलने के बाद जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह मांग की है कि बंटी यादव हत्याकांड के अभियुक्तों पर स्पीडी ट्रायल चलाकर त्वरित न्याय प्रदान किया जाय। जांच टीम ने मृतक बंटी यादव के परिजनों की हालत को देखते हुए राज्य सरकार से यह मांग की है कि परिजनों को 50 लाख मुआवजा तथा आश्रित को सरकारी नौकरी प्रदान किया जाय। मृतक बंटी यादव के परिवार के जान-माल की सुरक्षा की गारंटी की जाय।

जांच टीम ने कहा कि बिहार में सत्ता के संरक्षण में गैर कानूनी धंधा फल-फूल रहा है। सत्ता के संरक्षण में ही अपराधियों के हौसलें बुलन्द है। बंटी यादव हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर 19 जुलाई, 2026 को स्थानिय नागरिकों द्वारा आयोजित कैन्डिल मार्च में आम लोगों को शामिल होने की अपील भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने की है।