पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ रक्सौल एयरपोर्ट का स्थलीय भ्रमण कर कार्य प्रगति का जायजा एवं बारीकी से अवलोकन किया।

मोतिहारी/पूर्वी चंपारण। पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बुधवार को जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ रक्सौल एयरपोर्ट का स्थलीय भ्रमण कर कार्य प्रगति का जायजा एवं बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने रक्सौल एयरपोर्ट के लिए शेष बचे भू-अर्जन से संबंधित रैयतों का भुगतान शीघ्र कराने का निर्देश दिया। तत्पश्चात रक्सौल परिसदन में समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिनका भुगतान नहीं हुआ है, उनका एलपीसी और उनके जमीन से संबंधित अभिलेख एक सप्ताह के अंदर अंचलाधिकारी रक्सौल जिला भू अर्जन कार्यालय को भिजवाएं। जबकि जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्राप्त अभिलेखों का नियमित समीक्षा करें एवं जल्द से जल्द उसका भुगतान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल को निर्देश दिया कि रक्सौल अंचल अधिकारी के साथ रेगुलर समीक्षा करें और बचे हुए रैयतों का अभिलेख जिला भू-अर्जन कार्यालय को शीघ्र भिजवाएं। इस अवसर पर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के साथ उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी मोतिहारी, अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल, अंचल अधिकारी रक्सौल समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।