एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि अपराधियों पर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, नियमित गश्त जरूरी है, इसमें कोताही पर नपना तय है।
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिला में बेहतर पुलिसिंग और अपराध पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार को अचानक पहाड़पुर और मलाही थाने का औचक निरीक्षण किया। फलस्वरूप पुलिस महकमे में हड़कंप मच गई। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने थानों में लंबित पड़े गंभीर आपराधिक मामलों की फाइलों की जांच की और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को कांडों के त्वरित निष्पादन और फरार अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का सख्त निर्देश दिया। क्षेत्र में क्राइम कंट्रोल को लेकर एसपी ने थाना प्रभारियों से गश्ती दल की सक्रियता और विशेष अभियान की प्रगति रिपोर्ट ली।
इस दौरान एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि अपराधियों पर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित गश्त जरूरी है, इसमें कोताही पर नपना तय है। एसपी ने केवल फाइलों की ही जांच नहीं की, बल्कि पुलिस जवानों की कार्य स्थिति का भी ध्यान रखा। उन्होंने थाने के रसोई घर का जायजा लेकर जवानों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांच कर साफ़-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि जनता की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है, जो पुलिसकर्मी अपने काम में कोताही बरतेंगे या गंभीर मामलों के अनुसंधान में देरी करेंगे, उन पर विधि संवत कार्रवाई तय है। लंबित कांडों को त्वरित गति से निपटाया जाए। इस मौके पर अरेराज डीएसपी रवि कुमार समेत सर्किल इंस्पेक्टर और आसपास के कई थानों के थानाध्यक्ष उपस्थित थे।
