प्रशांत किशोर ने कहा- ‘जिस सदन के सदस्य श्रीकृष्ण सिंह, अनुग्रह नारायण सिंह, कर्पूरी ठाकुर, लालू प्रसाद, नीतीश कुमार, रामविलास पासवान और सुशील मोदी जैसे नेता रहे हैं, उस सदन के सदस्य के तौर शपथ लेना मेरे लिए गौरव की बात है।’

पटना। जन सुराज पार्टी के संस्थापक व बांकीपुर से नव निर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर ने सोमवार 17 अगस्त को विधायक पद की शपथ ली। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रशांत किशोर को विधायक पद की शपथ दिलाई। यह शपथ ग्रहण समारोह बिहार विधान सभा भवन में अध्यक्ष के चैंबर में सुबह 11 बजे आयोजित किया गया। इस दौरान बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह भी मौजूद रहे। आपको बता दें कि बांकीपुर विधान सभा सीट पर हुए उप चुनाव में प्रशांत किशोर ने 3 अगस्त को जीत दर्ज की थी। प्रशांत किशोर ने भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 19324 वोटों से हराया था।

शपथ ग्रहण के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद उत्साह और गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि बिहार विधान सभा सिर्फ एक सदन नहीं है, बल्कि यहां से बिहार की राजनीति और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस सदन के सदस्य श्रीकृष्ण सिंह, अनुग्रह नारायण सिंह, कर्पूरी ठाकुर, लालू प्रसाद, नीतीश कुमार, रामविलास पासवान और सुशील मोदी जैसे नेता रहे हैं, उस सदन के सदस्य के तौर शपथ लेना मेरे लिए गौरव की बात है। ये मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने अपने जीवन का बहुमूल्य समय बिहार के लिए काम करने में लगाया है और वे इसे अपने लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं।

आपको बता दें कि विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर ने अपने क्षेत्र बांकीपुर के 10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने इसके लिए बांकीपुर के युवाओं से अपना सीवी जमा करने की अपील की है। प्रशांत किशोर ने कहा है कि जिन युवाओं ने पढ़ाई पूरी कर ली है, लेकिन अभी तक नौकरी नहीं मिली है, वे अपना सीवी उनके कार्यालय में जमा करें। उनका लक्ष्य अगले 1-2 साल में बांकीपुर क्षेत्र के कम से कम 10 हजार बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार या नौकरी दिलाना है।