संजय जायसवाल ने कहा- ‘लोकतंत्र में फैसला जनता करती है, मीडिया नहीं। बांकीपुर के मतदाता पूरी तरह जागरूक हैं और विकास के मुद्दे पर एक बार फिर कमल के निशान के पक्ष में मतदान करेंगे।’
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। पटना की बांकीपुर विधान सभा सीट पर होने वाले उप चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में पश्चिम चंपारण के भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने रविवार को जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोलते हुए कई विवादित टिप्पणियां की। उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से एनडीए पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर चरवाहा टाइप बनकर बिहार आए हैं और चरकर वापस चले जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी और एनडीए पहले से भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगा।
उन्होंने पिछले विधान सभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी ने बांकीपुर सीट पर 51 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। उनका दावा है कि इस बार जनता का समर्थन और अधिक मजबूत है तथा भाजपा 81 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। मीडिया में चल रही चुनावी चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र में फैसला जनता करती है, मीडिया नहीं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के मतदाता पूरी तरह जागरूक हैं और विकास के मुद्दे पर एक बार फिर कमल के निशान के पक्ष में मतदान करेंगे।
