राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हाई सिक्योरिटी जोन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा नियमों की अनदेखी करने वाला आचरण संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है।
पटना। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन पर बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आई। दरअसल, राहुल गांधी नीट पेपर लीक और दिल्ली में हुए छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए थे। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के अलावा महागठबंधन के कई अन्य नेता भी धरने पर बैठे थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि हाई सिक्योरिटी जोन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा नियमों की अनदेखी करने वाला आचरण संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। क्षणिक राजनीतिक लाभ और सुर्खियां बटोरने की कोशिश में इस प्रकार का व्यवहार विपक्ष के नेता जैसे संवैधानिक पद की गरिमा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि राजनीति में मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और सार्वजनिक मर्यादाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। लोकतांत्रिक पदों की गरिमा को आहत करने वाला कोई भी आचरण किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता। देश अपेक्षा करता है कि सार्वजनिक जीवन में आचरण भी उतना ही जिम्मेदार, संयमित और मर्यादित हो, जितनी बड़ी जिम्मेदारी उस पद के साथ जुड़ी होती है।
