नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों का उग्र प्रदर्शन। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

पटना। नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में बुधवार को छात्रों का उग्र प्रदर्शन हुआ। पुलिस और छात्रों के बीच हिंसक झड़प हुई है। मुख्यमंत्री आवास के बाहर पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान कई छात्र सड़क पर लेट गए। पुलिस घसीटकर छात्रों को गाड़ियों में बैठाकर अपने साथ ले गई। इससे पहले पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र राजभवन घेराव करने निकले। इसी दौरान पुलिस ने छात्रों को पटना के जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर रोक लिया। इस दौरान जेपी गोलंबर पर छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प व पथराव के बाद हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार की। इसके बाद छात्रों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया।

जेपी गोलंबर पर प्रदर्शन खत्म करने के कुछ समय बाद सभी छात्र आइसा के बैनर तले डाकबंगला चौराहे पर पहुंच गए और राजभवन की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगे। इस बीच पटना पुलिस की टीम ने डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। पटना एसएसपी ने यहां पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की थी। वाटर कैनन लेकर पुलिस जवान तैनात रहे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वालों से नोंकझोक भी किया। पटना आईजी के एस्कार्ट गाड़ी पर प्रदर्नकारियों ने हमला भी किया। इस दौरान छात्रों का हुजूम लगातार सरकार के खिलाफ नारेबाजी किया। इधर, पटना आईजी ने शांति व्यवस्था भंग करने वाले प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का आदेश दे दिया है। छात्रों को नियंत्रित करने के लिए सीआरपीएफ ने मोर्चा संभाल लिया है। इसके साथ ही बीएसएफ को भी बुलाया गया है।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग की। इसके साथ ही पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई, शिक्षा में भ्रष्टाचार और निजीकरण पर रोक, जंतर-मंतर छात्र आंदोलन का समर्थन, फीस वृद्धि वापस लेने, नॉन-नेट फेलोशिप लागू करने तथा पटना विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बरकरार रखने की मांग उठाई। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।