बिहार पुलिस की ओर से 18-25 जुलाई 2026 तक मानव तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

पटना। बिहार पुलिस की ओर से 18 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक मानव तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक जगहों पर पोस्टर बैनर लगाकर लोगों के बीच मैसेज देने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पटना जंक्शन पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम भी मौजूद रही। पटना जंक्शन पर जिला प्रशासन की ओर से रेस्क्यू और ह्यूमन ट्रैफिकिंग पर नकेल कसने के लिए 6 सदस्यीय टीम गठित की गई है, ये पटना जिला अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों को कवर करते हैं। जिला बाल संरक्षण इकाई के मुताबिक, स्टाफ और संसाधनों की कमी की वजह से रेस्क्यू के बाद उन्हें शेल्टर होम्स तक पहुंचाने में बाधा आ रही है। अगर संसाधन और स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए, तो इसे और बेहतर किया जा सकता है।

राजेश तिवारी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि ह्यूमन ट्रैफिकिंग पर नकेल कसा जाए, जो लोग इस तरीके के काम में लगे हैं, उन्हें भी पकड़ा जाए। इसीलिए हम लोग पटना जंक्शन और दूसरे रिहायशी जगहों पर जाकर जन जागरूकता के लिए पोस्टर बैनर लगा रहे हैं। संबंधित पदाधिकारियों से मिलकर इस अभियान के बारे में बता रहे हैं। उन्होंने जीआरपी थानेदार राजेश सिन्हा और आरपीएफ थानेदार से मिल कर इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।