तेजस्वी यादव ने मीठापुर से सब्जीबाग चौराहे तक 4 किलोमीटर का रोड शो किया।
तेजस्वी यादव ने कहा- ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जुबान के पक्के नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी पर कोई व्यक्ति विश्वास नहीं करने वाला है। जिस प्रकार नरेंद्र मोदी ने किसान को ठगा, उसी प्रकार छात्रों को ठगने का काम कर रहे हैं।’
पटना। बांकीपुर उप चुनाव के लिए मंगलवार 28 जुलाई को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इससे पहले सभी पार्टी के नेताओं ने अपनी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के साथ बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र में करीब 4 किलोमीटर का रोड शो किया। तेजस्वी यादव और रेखा गुप्ता ने रोड शो के दौरान लोगों का आभिवादन किया। तेजस्वी यादव का रोड शो मीठापुर से शुरू हुआ है जो चिरैया टांड़ पुल होते हुए सब्जीबाग चौराहे पर खत्म हुआ। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की एनडीए सरकार में कोई काम नहीं हो रहा है, केवल गोली चलवाने का काम किया जा रहा है। सिवान में तीनों छात्रों की किस्मत अच्छी थी कि तीनों बच गए, लेकिन आज तक देश में ऐसा नहीं हुआ था।
तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने साफ कर दिया था कि किसी भी छात्रों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। प्राथमिकी वापस होगी। जो भी छात्र गिरफ्तार हुआ है, उसे रिहा कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जुबान के पक्के नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कोई व्यक्ति विश्वास नहीं करने वाला है। जिस प्रकार नरेंद्र मोदी ने किसान को ठगा, उसी प्रकार छात्रों को ठगने का काम कर रहे हैं। आपको बता दें कि पटना की बांकीपुर विधान सभा सीट पर उप चुनाव में मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय नजर आ रहा है। राजद ने रेखा कुमारी गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है, जिनका मुकाबला भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर से है। जन सुराज की सक्रियता और प्रशांत किशोर की चुनावी मौजूदगी ने बांकीपुर उप चुनाव को रोचक बना दिया है। ध्यान रहे कि बांकीपुर सीट पर मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना होगी।
