नीतीश कुमार ने सावन के पहले दिन उमानाथ मंदिर में भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और बिहार के निरंतर विकास की मंगलकामना की।
पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सावन के पहले दिन गुरुवार 30 जुलाई को बाढ़ स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के उमानाथ मंदिर में भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और बिहार के निरंतर विकास की मंगलकामना की। इस दौरान नीतीश कुमार ने उमानाथ घाट और मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने निर्माण कार्यों की प्रगति और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का आकलन किया। ध्यान रहे कि मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार ने उमानाथ घाट के व्यापक विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करीब 100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की थी। वर्तमान में इसी राशि से घाट और परिसर का विकास कार्य प्रगति पर है।
इस मौके पर नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है। मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं समग्र विकास के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं पर कार्य कराया जा रहा है। परिसर को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से पुराने एवं जर्जर निर्माणों को हटाकर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर आवागमन, आधुनिक सुविधाओं तथा नए मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की प्राथमिकता है कि धार्मिक स्थलों का विकास उनकी आस्था, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराए।
नीतीश कुमार के आगमन के मद्देनजर जदयू और भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उमानाथ घाट पर उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क था। बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किए गए थे। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप नेता ललन कुमार सर्राफ, बाढ़ के पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू समेत कई जन प्रतिनिधिगण एवं सैकड़ों कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
