मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहटा के सिंकदरपुर में 99.97 करोड़ की लागत से 4 एकड़ भूमि पर बनने वाले राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना के स्थाई परिसर का शिलान्यास किया।

सम्राट चौधरी ने कहा- ‘कौशल विकास का उद्देश्य केवल युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करना नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसा सक्षम बनाना है कि वे स्वयं उद्यम स्थापित कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें।’

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी का संदेश सुनाया गया।

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार 23 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ से बिहटा के सिंकदरपुर में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना के स्थाई परिसर का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि आज राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला)का सिकंदरपुर, बिहटा में शिलान्यास किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर मुझे भी उपस्थित होना था लेकिन खराब मौसम के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा हूं। बिहार की बेटियों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। आज बिहारवासियों के लिए महत्वपूर्ण दिन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास से बिहार की बेटियां हुनरमंद होंगी, आत्मनिर्भर होंगी और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी। आज का शिलान्यास कार्यक्रम सिर्फ भवन का निर्माण नहीं बल्कि बिहार की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने तथा आत्मविश्वास का अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि कौशल विकास ही समृद्ध बिहार की मजबूत नींव है। युवाओं, विशेषकर महिलाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से सशक्त बनाकर ही समृद्ध बिहार और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कौशल विकास को नई गति मिली है। महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई कार्य किए जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई कार्य किए हैं। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, तकनीकी शिक्षा तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में करीब 1500 कौशल प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। करीब 12 लाख युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। अभी 1 लाख 38 हजार युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 38 इंजीनियरिंग कॉलेज तथा 46 पॉलिटेक्निक संस्थान कार्यरत हैं। बिहार के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज मात्र 10 रूपये के शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। पॉलिटेक्निक संस्थान में मात्र 5 रुपये के शुल्क पर बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को भी उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है तथा राज्य में कुशल मानव संसाधन तैयार हो रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में लैंग्वेज लैब की भी स्थापना की गई है, जहां छात्र जापानी, जर्मन, फ्रेंच आदि भाषाएं सीख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य केवल युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करना नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसा सक्षम बनाना है कि वे स्वयं उद्यम स्थापित कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें। राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना का स्थायी परिसर महिलाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का एक प्रमुख केंद्र बनेगा तथा समृद्ध बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्किल इंडिया मिशन की शुरुआत की और इसके लिए उन्होंने अलग मंत्रालय बनाया। वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में देश के स्किल्ड युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए बिहार के युवा संकल्पित हैं। आज के कार्यक्रम के लिए केंद्र सरकार तथा बिहार सरकार के सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हैं। युवाओं के भविष्य के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। बिहार की बहनें, बेटियां स्किल्ड होकर देश को आगे बढ़ाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार और भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के बीच स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर और आदान-प्रदान भी किया गया। इसे बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) की स्थापना का उद्देश्य राज्य की युवतियों को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें हुनरमंद और रोजगार योग्य बनाना है। अब तक बिहार की अनेक युवतियों को ऐसे प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन संस्थान के स्थायी परिसर के निर्माण के बाद उन्हें अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध होगा। संस्थान के निर्माण के लिए बिहार सरकार ने 4 एकड़ भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराई है, जबकि भवन निर्माण पर करीब 99.97 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी का संदेश भी सुनाया गया। कार्यक्रम में बिहार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बिहटा के सिंकदरपुर में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना के स्थाई परिसर के निर्माण कार्य से संबंधित एक वीडियो फिल्म दिखाई गई।

इस अवसर पर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण निदेशालय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के महानिदेशक दिलीप कुमार, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास, बिहार के सचिव कौशल किशोर, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के निदेशक हरिकेश मीणा एवं नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग, बिहार के निदेशक सुनील कुमार समेत अन्य केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के वरीय पदाधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं विद्यार्थीगण जुड़े थे।