मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं के साथ जिला औषधि भंडार गृह का शुभारंभ किया।
राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए आईसीयू बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (आई एमसीयू) बेड तथा 24X7 आपातकालीन सेवाओं का शुभारंभ।
सम्राट चौधरी ने कहा- ‘बिहार सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।’
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं के साथ जिला औषधि भंडार गृह का शिलापट्ट अनावरण कर शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान वहां उपस्थित मरीजों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की और उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चिकित्सकों से बातचीत करते हुए कहा कि यहां पर इलाज की सारी सुविधा बेहतर ढंग से उपलब्ध रखें ताकि मरीजों को रेफर करना न पड़े। डॉक्टर समेत उपचार की सारी सुविधाएं ससमय मरीजों को मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने ऑर्थोपेडिक ओ.टी. का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री चिकित्सकों से कहा कि ऑर्थोपेडिक के इलाज का विशिष्ट पहचान बनाएं और मरीजों को इलाज की सारी सुविधाएं यहीं मिले।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए आईसीयू बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (आई एमसीयू) बेड तथा 24X7 आपातकालीन सेवाओं का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी के अन्तर्गत हब एवं स्पोक मॉडल में निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के तहत प्रथम चरण में 11 हब लैब (जहां मशीन/उपकरण अधिष्ठापित एवं जांच सुविधा उपलब्ध) एवं इससे संबद्ध 221 स्पोक लैब (नमूना संग्रहण स्थल) का भी शुभारंभ किया। इस व्यवस्था के अंतर्गत राज्य में मरीजों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध होंगी तथा जांच रिपोर्ट समय पर प्राप्त होगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस (पीएचएच एवं आयुष्मान कार्ड धारी को निःशुल्क एवं अन्य को रियायती दर) सेवा का शुभारंभ किया। गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को अब पीएचएच एवं आयुष्मान कार्डधारियों को यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होगी, जबकि अन्य पात्र लाभार्थियों को भी रियायती दरों पर डायलिसिस सेवा मिलेगी। इससे गंभीर किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को अपने जिले के बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार के साथ-साथ विशेषज्ञ उपचार सेवाओं को जिला एवं अनुमंडल स्तर तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर चिकित्सा उपकरण, प्रशिक्षित मानव संसाधन तथा मजबूत स्वास्थ्य अवसंरचना के माध्यम से बिहार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन नई सुविधाओं से प्रदेश के लाखों नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होगा तथा बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सशक्त बनेगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गुरु गोबिंद सिंह अस्पाल परिसर में प्रबंधक कमिटी तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की ओर से स्थापित 'खंडा साहिब' का लोकार्पण किया और नमन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत, विधायक रत्नेश कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, अन्य जन प्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव डॉ. त्याग राजन एसएम, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुव्रत कुमार सेन समेत अन्य वरीय अधिकारी, चिकित्सक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
