नीतीश कुमार 23 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन 1942 के स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद रामफल मंडल की पुण्य स्मृति में आयोजित शहादत दिवस समारोह में शामिल हुए।
नीतीश कुमार ने कहा- ‘अमर शहीद रामफल मंडल जैसे अमर बलिदानियों की गौरवगाथा सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करती रहेगी।’
पटना। भारत छोड़ो आंदोलन 1942 के महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद रामफल मंडल की पुण्य स्मृति में रविवार 23 अगस्त को आयोजित भव्य शहादत दिवस समारोह में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शामिल हुए। इस अवसर पर नीतीश कुमार ने अमर शहीद रामफल मंडल के तैल्यचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, त्याग एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।
इस मौके पर नीतीश कुमार ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों का बलिदान हमारी अमूल्य राष्ट्रीय विरासत है। उन्होंने कहा कि अमर शहीद रामफल मंडल जैसे अमर बलिदानियों की गौरवगाथा सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करती रहेगी। कार्यक्रम का आयोजन अमर शहीद रामफल मंडल विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. शैलेंद्र कुमार एवं बिहार सरकार में मंत्री शीला मंडल द्वारा किया गया।
शहादत दिवस समारोह में मुख्य रूप से बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार, बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप नेता सह जदयू के बिहार प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ एवं मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, विधान पार्षद संजय सिंह, पूर्व विधान पार्षद भूमिपाल राय एवं जदयू नेता पंकज पटेल समेत सैकड़ों लोग उपस्थित हुए।
