नीतीश कुमार ने भोजपुर के बड़हरा प्रखंड स्थित सिद्धपीठ जय मां काली बखोरापुर मंदिर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भोजपुर। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को भोजपुर के बड़हरा प्रखंड स्थित सिद्धपीठ जय मां काली बखोरापुर मंदिर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर नीतीश कुमार ने बिहार की सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक सौहार्द एवं समस्त प्रदेशवासियों के कल्याण की मंगलकामना की। इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार निरंतर विकास, सामाजिक समरसता और जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ता रहे तथा प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन व्यतीत करे, यही उनकी प्रार्थना है।
इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप नेता ललन कुमार सर्राफ, बिहार सरकार में मंत्री व जगदीशपुर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, संदेश विधायक राधाचरण सेठ के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे, इस मौके पर नीतीश कुमार ने सबसे संवाद किया और स्थानीय विकास-कार्यों से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। नीतीश कुमार के दौरे को लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क था। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया। नीतीश कुमार के दौरे से पहले ही केशोपुर से लेकर बखोरापुर मंदिर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सड़क से लेकर मंदिर परिसर तक जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
