मुख्यमंत्री ने पटना एयरपोर्ट परिसर में बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नव निर्मित हैंगर का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा- ‘राज्य सरकार पर्यटन और नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास के माध्यम से बिहार को नई पहचान दिलाने के लिए संकल्पित है।’
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना हवाई अड्डा प्रागंण में बिहार फ्लाइंग इंस्टीच्यूट के नव निर्मित हैंगर का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026 के अन्तर्गत पटना जॉय राइड के शुभारंभ के तहत मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर जॉय राइड से सफर करने वाले पर्यटकों को टिकट प्रदान कर इसकी शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त चार अभ्यर्थियों- कैप्टन कुमार धैर्य, कैप्टन जीनियस विवेक, कैप्टन कर्ण कुमार भारती एवं कैप्टन सोनल मान सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के युवा, विमानन जैसे अत्याधुनिक एवं संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026 के अंतर्गत बिहार में पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों को हवाई दृष्टि से देखने का अनूठा अवसर उपलब्ध कराएगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन और नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास के माध्यम से बिहार को नई पहचान दिलाने के लिए संकल्पित है। हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म जैसी अभिनव पहलें राज्य के पर्यटन मानचित्र को और अधिक समृद्ध बनाएंगी तथा देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवड़े, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं हेलीकॉप्टर जॉय राइड से सफर करने वाले पर्यटक उपस्थित थे।
