मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर दौरे पर तारापुर में 10 मॉडल विद्यालयों, हरपुर में नव निर्मित आदर्श थाना भवन का उद्घाटन किया और असरगंज स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन की शुरुआत कराई।
मुंगेर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार 28 जुलाई को मुंगेर जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान शिक्षा और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया। तारापुर विधान सभा क्षेत्र के लौना से शुरू हुए दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने 10 चयनित आदर्श विद्यालयों का सामूहिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने हरपुर में नव निर्मित आदर्श थाना भवन का लोकार्पण किया और असरगंज स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन की शुरुआत कराई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। स्थानीय लोगों और जन प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरस्वती विद्या निकेतन, लौना में आयोजित कार्यक्रम से रिमोट के जरिए जिले के चयनित 10 आदर्श विद्यालयों का एक साथ उद्घाटन किया। इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, प्रभारी मंत्री संजय कुमार, पूर्व विधायक राजीव सिंह समेत प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीएम निखिल धनराज निपनिकर और एसपी सैयद इमरान मसूद समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मॉडल विद्यालय सरस्वती विद्या निकेतन की कक्षाओं में पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षण पद्धति को लेकर जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राओं से भी बातचीत की और उनकी शिक्षा से जुड़ी जानकारी हासिल की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की ओर से लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों को देखा और उनके प्रयासों की सराहना की। विद्यालय कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से हरपुर थाना परिसर पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने फीता काटकर नव निर्मित आदर्श थाना भवन का उद्घाटन किया। थाना भवन के लोकार्पण के बाद उन्होंने पूरे थाना भवन का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने थानाध्यक्ष कक्ष, हाजत और अन्य कमरों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और भवन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। हरपुर के बाद मुख्यमंत्री का काफिला असरगंज पहुंचा, जहां उन्होंने राजकीय डिग्री महाविद्यालय में औपचारिक रूप से पठन-पाठन कार्य की शुरुआत कराई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों और आम जनता से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री के इस दौरे को क्षेत्र में शिक्षा, उच्च शिक्षा और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
