मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत गोपालगंज से 5 हृदय रोगी बच्चों को बेहतर और निःशुल्क इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया है। डीएम समीर सौरभ ने बच्चों और उनके परिजनों का उत्साहवर्धन किया और यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

गोपालगंज। गोपालगंज जिला में मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को बेहतर एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। जिला स्वास्थ्य समिति, गोपालगंज द्वारा सोमवार को 5 गंभीर रूप से बीमार बच्चों को उनके परिजनों के साथ अहमदाबाद स्थित सत्य साईं हृदय अस्पताल के लिए रवाना किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि बिहार सरकार इस योजना के अंतर्गत बच्चों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी और प्रशासन हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेगा। इस मौके पर डीएम समीर सौरभ ने बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए सभी को शुभकामनाएं भी दी। इसके बाद डीएम समीर सौरभ ने 5 बच्चों को उनके परिजनों के साथ अहमदाबाद स्थित सत्य साईं हृदय अस्पताल के लिए रवाना किया।

जिला स्वास्थ्य समिति ने यात्रा से लेकर इलाज तक की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की है, ताकि बच्चों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गोपालगंज जिला में अब तक कुल 149 हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 80 बच्चों की सफल सर्जरी हो चुकी है, जबकि 36 बच्चे मेडिकल मैनेजमेंट के तहत निगरानी में हैं। 11 बच्चों की जांच सामान्य पाई गई है और 11 बच्चे ऑपरेशन के लिए उपयुक्त नहीं पाए गए हैं। शेष बच्चों का इलाज चरणबद्ध तरीके से जारी है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर योजना का लाभ उठाएं।