जन सुनवाई में जमीन विवाद, मारपीट, पारिवारिक कलह, चोरी, साइबर ठगी समेत विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आई।

गोपालगंज। गोपालगंज में सोमवार को पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी द्वारा कार्यालय परिसर में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी फरियादियों की बातों को गंभीरता, संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर सुना तथा संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जन सुनवाई में जमीन विवाद, मारपीट, पारिवारिक कलह, चोरी, साइबर ठगी समेत विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आई। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने प्रत्येक आवेदन को ध्यानपूर्वक लेते हुए संबंधित थाना एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। विनय तिवारी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन हो और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिले। साथ ही यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई गई, तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जनता के बीच विश्वास कायम करना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। जन सुनवाई जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अपनी बात सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी आती है। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर बना रहे।