गोपालगंज डीएम समीर सौरभ ने सदर प्रखंड कार्यालय, गोपालगंज का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न पंजियों के संधारण, बायोमीट्रिक उपस्थिति व्यवस्था तथा परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया।

गोपालगंज। गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ ने गुरुवार को सदर प्रखंड कार्यालय, गोपालगंज का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न पंजियों के संधारण, बायोमीट्रिक उपस्थिति व्यवस्था तथा परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी समीर सौरभ के अचानक पहुंचने से कार्यालय कर्मियों में हलचल मच गई और सभी अपने-अपने कार्यों में जुटे नजर आए। जिलाधिकारी ने कार्यालय में संधारित अभिलेखों एवं पंजियों की जांच करते हुए उन्हें अद्यतन रखने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेख व्यवस्थित एवं समय-समय पर अपडेट रहने चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही उन्होंने बायोमीट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय आने और नियमित उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

जिलाधिकारी ने परिसर की साफ-सफाई को संतोषजनक बनाए रखने तथा कार्यालय को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण में कार्य करने से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है और आम जनता को बेहतर सेवाएं मिलती हैं। जिलाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन करें और लोगों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में कार्यालय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।