गोपालगंज। गोपालगंज के डीएम समीर सौरभ ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के अंतर्गत जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार सुधार, सड़क निर्माण, आवास योजना समेत अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें सामने आई। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना और कई मामलों में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर तत्काल संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया। इस दौरान डीएम ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को निर्देशित देते हुए कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर शिकायत का निष्पादन नियमानुसार किया जाएगा। इस मौके पर अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय समेतत अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी फरियादियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की।