पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी के समक्ष मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद में आयोजित कार्यक्रम में सूचना प्रावैधिकी विभाग एवं सरवम डॉट एआई (एक्सोनवाइज प्राइवेट लिमिटेड) तथा भारत जीपीटी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया। सूचना प्रावैधिकी विभाग, सरवम डॉट एआई एवं भारत जीपीटी से जुड़े अधिकारियों ने एक दूसरे के बीच ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। समझौता ज्ञापन (एमओयू) से कई उद्देश्यों की प्राप्ति होगी। इसके तहत राज्य में हर नागरिक और सरकारी अधिकारी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की पहुंच सुलभ एवं आसान होगा तथा एआई के बेहतर उपयोग और विकास के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में मदद मिलेगी। भारत में बने बुनियादी एआई मॉडल्स और एप्लिकेशन्स तक राज्य के विभागों की पहुंच सुनिश्चित हो सकेगा। बिहार के स्वीकृत शोधकर्ताओं को भारतीय भाषाओं और स्थानीय बोलियों में अपनी एआई रिसर्च क्षमताओं को मजबूत करने में सहूलियत होगी। स्थानीय भाषाओं में स्थानीय समस्याओं का समाधान खोजकर, बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर एआई संचालित शासन के मॉडल के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और एक स्थानीय भागीदार इकोसिस्टम तैयार हो सकेगा जिससे लम्बे समय तक एआई विकास को बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल बिहार के निर्माण और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। बिहार की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वदेशी एआई मॉडल तैयार किया जाएगा। सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज, सरल एवं नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए एआई आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे। राज्य में बड़े पैमाने पर एआई कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। एआई आधारित स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार चैधरी, भारत जीपीटी (कोरोवर प्राइवेट लिमिटेड) के वाइस प्रेसिडेंट शशांक शेखर ठाकुर, सरवम डॉट एआई (एक्सोनवाइज प्राइवेट लिमिटेड) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर राज चैहान सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
