डीजीपी विनय कुमार ने मंदिर के गर्भगृह में पूजन कर राज्य और देश की समृद्धि की कामना की।
पटना/सारण। बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने सावन की तीसरी सोमवारी 17 अगस्त को सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना की। उन्होंने आम श्रद्धालुओं की तरह अर्घ्य प्रणाली (वाटर चैनल सिस्टम) से जलाभिषेक किया। डीजीपी विनय कुमार ने मंदिर के गर्भगृह में पूजन कर राज्य और देश की समृद्धि की कामना की। दरअसल, सोमवार को मंदिर में उमड़ने वाली विशेष भीड़ के बावजूद डीजीपी विनय कुमार ने सामान्य व्यवस्था का पालन किया, जो वीआईपी संस्कृति से हटकर एक सकारात्मक संदेश देता है। ध्यान रहे कि राज्य के एक शीर्ष अधिकारी द्वारा स्वयं निर्धारित व्यवस्था का पालन करने से आम जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ता है। इससे मंदिर प्रशासन और सुरक्षा बलों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी आसानी होती है।
डीजीपी विनय कुमार का यह कदम बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में स्थापित आधुनिक अर्घ्य प्रणालियों की सुलभता और प्रभावशीलता को दर्शाता है। इस अवसर पर हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ ने डीजीपी विनय कुमार को अंगवस्त्र, पुष्पमाल्य, बाबा हरिहरनाथ का विशेष प्रसाद और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। पुलिस महानिदेशक विनय कुमार को आगमन पर हरिहरनाथ थाना प्रभारी विकास पांडेय, सोनपुर थाना प्रभारी दिलीप कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा स्नेहा, एसआई विक्रांत पांडेय और अन्य पुलिस पदाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का कमान संभाले हुए थे।
