मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा- ‘हमारी सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।’

पटना। बिहार में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बुधवार 29 जुलाई को बड़ी खबर सामने आई। शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 की प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से आगे बढ़ गई है। बीपीएससी टीआरई-4 में 32,388 शिक्षकों की बहाली होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि टीआरई-4 के तहत 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग ने अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी है। उन्होंने कहा कि ‘हमारी सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।’

आपको बता दें कि शिक्षा विभाग की तरफ से टीआरई-4 के तहत भर्ती के लिए भेजे गए पदों में कक्षा- 1 से 5 तक के लिए 3847 पद, कक्षा- 6 से 8 तक के लिए 8563 पद, कक्षा- 9 से 10 तक के लिए 3877 पद और कक्षा- 11 से 12 तक के लिए 16,101 पद शामिल हैं। इस प्रकार कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

ध्यान रहे कि टीआरई-4 भर्ती को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से अधिसूचना का इंतजार कर रहे थे। अब अधियाचना बीपीएससी को भेजे जाने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि बीपीएससी जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा, जिससे राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ-साथ हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। बीपीएससी के एग्जाम कैलेंडर के मुताबिक, चौथे चरण की शिक्षक भर्ती की समय-सीमा पहले ही जारी की जा चुकी है। टीआरई-4 की 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच परीक्षा होगी, जबकि रिजल्ट नवंबर 2026 में जारी किया जाएगा।