टीआरई-4 के लिए आवेदन की तिथि 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है, आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने मंगलवार 18 अगस्त को शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया। इस भर्ती के तहत कुल 32,388 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। दरअसल, टीआरई-4 के नोटिफिकेशन का शिक्षक अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, अब उनका इंतजार खत्म हो गया है। टीआरई-4 के लिए आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं आवेदन शुल्क का भुगतान करने की अंतिम तारीख 29 सितंबर 2026 रखी गई है। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। हालांकि परीक्षा तारीख घोषित नहीं की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय सभी जरूरी जानकारी ध्यान से भरनी होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें।
ध्यान रहे कि जुलाई के आखिरी हफ्ते में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टीआरई-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया था। अब इस भर्ती का नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, टीआरई-4 में कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति होगी।
कक्षा के हिसाब से पदों का ब्योरा इस तरह है:
- कक्षा 1 से 5- 3,847 पद।
- कक्षा 6 से 8- 8,563 पद।
- कक्षा 9 से 10- 3,877 पद।
- कक्षा 11 से 12- 16,101 पद।
