भागलपुर में 66 वर्षीय बुजुर्ग में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। कोरोना पीड़ित मरीज को होम आइसोलेशन में रखा गया है और परिजनों की भी निगरानी की जा रही है।

भागलपुर। भागलपुर से कोरोना संक्रमण का नया मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। भागलपुर शहर के तिलकामांझी क्षेत्र में एक 66 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बुजुर्ग तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हटिया रोड का रहने वाला है। बीते कुछ दिनों से लगातार तबीयत खराब होने के कारण परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए निजी क्लिनिक भर्ती कराया था। बीमार होने पर पीड़ित को शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. हेमशंकर शर्मा के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें एहतियातन आरटी-पीसीआर जांच कराने की सलाह दी थी। मरीज का सैंपल 16 जुलाई को तिलकामांझी स्थित केयर प्लस कलेक्शन सेंटर द्वारा लिया गया था, जिसके बाद शनिवार 18 जुलाई की शाम को जारी फाइनल रिपोर्ट में मरीज के कोरोना संक्रमित होने की आधिकारिक पुष्टि हुई है।

चिकित्सकों के मुताबिक, मरीज में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें एहतियातन होम आइसोलेशन में रहने की सख्त सलाह दी गई है। इसके साथ ही पीड़ित बुजुर्ग के संपर्क में आए परिवार के अन्य सदस्यों की भी स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है। इस नए मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से पैनिक न होने और सावधानी बरतने की अपील की है। भागलपुर में 65 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। चिकित्सकों ने सर्दी, खांसी या तेज बुखार जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने को कहा है।