राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बांकीपुर की जागरूक जनता विपक्ष के दावों और उसके पिछले शासन के रिकाॅर्ड से भली-भांति परिचित है, इसलिए मतदाता खोखले वादों के बजाय विकास, सुशासन और विश्वसनीय नेतृत्व पर भरोसा करेंगे।

पटना। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शनिवार को कहा कि बांकीपुर विधान सभा उप चुनाव में एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा रिकाॅर्ड मतों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र के मतदाताओं में एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में जबरदस्त उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है, जो चुनाव परिणाम में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। बांकीपुर विधान सभा सीट भाजपा की पारंपरिक एवं मजबूत सीट रही है। वर्ष 1995 से लगातार इस सीट पर भाजपा उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिलता रहा है। पटना जिला की इस महत्वपूर्ण विधान सभा सीट पर इस बार भी मतदाता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेंगे तथा विपक्ष की सारी राजनीतिक रणनीतियां विफल साबित होंगी।

राजीव रंजन ने कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल के दौरान बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से काफी हद तक उपेक्षित रहा। इसके विपरीत पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 21 सालों के शासनकाल के दौरान इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किए गए। इस दौरान नई सड़कें, फ्लाई ओवरों, मोहल्लों एवं गलियों में पक्की सड़कों समेत आधारभूत संरचना का व्यापक विस्तार हुआ, जिससे क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर बदला। बांकीपुर की जनता ने इस विकास को न केवल देखा है, बल्कि प्रत्यक्ष रूप से महसूस भी किया है। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों के शासनकाल में यह क्षेत्र पिछड़ेपन और अव्यवस्था का शिकार रहा, वही दल आज चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे और नए सपने दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। बांकीपुर की जागरूक जनता विपक्ष के दावों और उसके पिछले शासन के रिकाॅर्ड से भली-भांति परिचित है, इसलिए मतदाता खोखले वादों के बजाय विकास, सुशासन और विश्वसनीय नेतृत्व पर भरोसा करेंगे। बांकीपुर की जनता एक बार फिर विकास और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश देकर एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज सिन्हा को रिकाॅर्ड मतों से विजयी बनाएगी।