प्रशांत किशोर ने कहा- ‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर में डेरा डाले हैं, इससे भी जान बचने वाली नहीं है, भाजपा का हारना तय है।’

पटना। पटना के मीठापुर में पदयात्रा के बाद जन सुराज के संस्थापक एवं बांकीपुर विधान सभा उप चुनाव के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने रविवार को भाजपा पर बड़ा हमला बोला। प्रशांत किशोर ने कहा कि ये बांकीपुर के विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, यह भाजपा के उस अहंकार को तोड़ने का चुनाव है, जहां भाजपा ने कहा था कि कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा करेंगे तो बांकीपुर की जनता उन्हीं को वोट देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश से नेताओं को बुलाकर बांकीपुर के गली-गली घुमा रहे हैं, गलियों में केंद्र व बिहार के मंत्री टहल रहे हैं, नेता एक घर में 4-4 बार जा रहे हैं। पूरे बिहार से लेकर दिल्ली तक के 6 हजार भाजपा के कार्यकर्ताओं को उतारा गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर में डेरा डाले हैं, इससे भी जान बचने वाली नहीं है, भाजपा का हारना तय है।